– कवि सम्मेलन –
सच कहता हूँ सच ही कहने से कितनों से बिगाड़ हो गया
आज काल्ह कवि सम्मेलन भी नौटंकी और भांड हो गया
आज काल्ह कवि सम्मेलन भी नौटंकी और —
स्वर स्वरूप की पूजा होती
कांच कौन पहचाने मोती
श्रोता पलई मार रहा है
मानों छुटहर साँड़ हो गया
आज काल्ह कवि सम्मेलन भी नौटंकी और —
अलंकार रस छन्दादिक अब
नयी विधा में हैं बाधित सब
संचालक भी बना विदूषक
कहता तिल का ताड़ हो गया
आज काल्ह कवि सम्मेलन भी नौटंकी और —
पैसे पर हम नाच रहे हैं
गैर की कविता बाँच रहे हैं
मंचों पर जम जाते ऐसे
जैसे चोटा खांड हो गया
आज काल्ह कवि सम्मेलन भी नौटंकी और —
‘विकल‘ अकल से काम लीजिये
मंचों पर तब नाम दीजिये
जान लीजिये जबकि अपना
कोई सही जुगाड़ हो गया
आज काल्ह कवि सम्मेलन भी नौटंकी और —
–––